Uttarakhand News : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा पेपर लीक मामले में आरोपी हाकम सिंह को हाईकोर्ट से जमानत (बेल) मिल गई है। हाईकोर्ट की एकलपीठ न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत ने बुधवार को उनकी जमानत याचिका स्वीकार करते हुए उन्हें अदालत से न्यायिक राहत दी है।
कथित नकल माफिया गिरोह के सरगना हाकम सिंह को राहत
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की पटवारी पेपर लीक मामले में आरोपी हाकम सिंह को नैनीताल हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हाईकोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए पिछले रिकॉर्ड और पक्षों की दलीलों के आधार पर राहत मंजूर की।
हाकम के साथी को पहले ही मिल गई है जमानत
बता दें कि कथित नकल माफिया गिरोह के सरगना हाकम सिंह के सहयोगी पंकज गौड़ को पहले ही जमानत मिल चुकी थी। कोर्ट ने ये भी माना कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत देने का फैसला लिया गया।

पैसे लेकर परीक्षा पास कराने का है आरोप
हाकम सिंह को कथित नकल माफिया गिरोह के सरगना के रूप में गिरफ्तार किया गया था। जिन पर अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने का लालच देकर 12–15 लाख रूपए तक की मांग करने का आरोप है। इसका मामला 20 सितंबर 2025 को उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दर्ज किया गया था।

