
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला कार्यशाला का आयोजन किया। अल्मोड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में हुई इस कार्यशाला में संगठन की मजबूती और जनसेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य ‘सेवा ही संगठन’ और ‘अंत्योदय’ की भावना के साथ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को उनका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के इस अभियान में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पार्टी का लक्ष्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और पिछड़े वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी संगठन की प्राथमिकता है।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, प्रदेश मंत्री गौरव पाण्डेय, दर्जा मंत्री गोविन्द पिल्खवाल, वरिष्ठ नेता कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा और पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला और बिट्टू कर्नाटक, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट और दर्शन रावत समेत जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष व महामंत्री, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यशाला में हिस्सा लिया। कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
