देहरादून

सड़क सुरक्षा अभियान: देहरादून संभाग में 3177 चालान, 198 वाहन निरुद्ध

3177 challans issued in Dehradun division, 198 vehicles seized

देहरादून, 24 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के लिए उत्तराखंड परिवहन विभाग ने 21 से 23 अगस्त तक विशेष सड़क सुरक्षा प्रवर्तन अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त श्री रविनाथ रमन, आईएएस के निर्देश पर प्रदेशभर में संचालित अभियान के तहत देहरादून संभाग में 24 घंटे अलग-अलग शिफ्टों में सघन चेकिंग की गई। तीन दिनों में परिवहन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर 3177 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर मामलों में 198 वाहनों को निरुद्ध किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून संभाग डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में प्रवर्तन टीमों ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर दिन-रात कार्रवाई की। अभियान में ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने, वाहन की बॉडी से बाहर सामान ले जाने और नशे में वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान ओवरस्पीडिंग के 609, ओवरलोडिंग के 269 और सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने के 305 मामले सामने आए। वाहन की बॉडी से बाहर माल निकले होने के 120 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने के 313 मामलों में भी चालान किया गया। नशे की हालत में वाहन चलाने के 13 मामले पकड़े गए। इसके अलावा अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। कुल 371 चालकों के लाइसेंस के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

सड़क किनारे खड़े वाहनों पर विशेष नजर

अभियान में हाईवे और प्रमुख मार्गों पर असुरक्षित तरीके से खड़े भारी, मध्यम और अन्य वाहनों को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार रात के समय बिना पर्याप्त रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था के सड़क किनारे खड़े वाहन पीछे से आने वाले वाहनों के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

सरिया, शटरिंग सामग्री, बल्लियां, पाइप और अन्य सामान को वाहन की निर्धारित बॉडी से बाहर निकालकर ले जाने वाले वाहनों की भी जांच की गई। इस तरह के परिवहन से दोपहिया चालकों, पैदल यात्रियों और अन्य वाहन सवारों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। अभियान में इस श्रेणी में 112 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

ड्रिंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस

रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई। संवेदनशील मार्गों और प्रमुख स्थानों पर की गई जांच में ड्रिंक एंड ड्राइव के 13 मामले पकड़े गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान जारी रहेंगे।

परिवहन आयुक्त रविनाथ रमन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं के संभावित कारणों पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाना और सड़क पर असुरक्षित तरीके से वाहन या सामान रखना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों और स्वामियों से नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की।

डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि देहरादून संभाग में 24×7 चेकिंग के दौरान दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। उन्होंने कहा कि गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button