
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में देर रात से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने के साथ ही नदियों और गदेरों के उफान पर आने का खतरा बढ़ गया है।
आज इन 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 अगस्त को उत्तराखंड के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर शामिल हैं।
इन जिलों में लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
31 अगस्त को 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
1 और 2 सितंबर को भी नहीं मिलेगी बारिश से राहत
उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। 1 और 2 सितंबर को भी देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के चलते पहाड़ी जिलों में स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का बढ़ा खतरा
भारी बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। कई जगह सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं।
वहीं निचले इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है। नदियों और गदेरों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के कारण फ्लैश फ्लड का खतरा भी बना हुआ है।
खराब मौसम का असर बिजली और पानी की आपूर्ति पर पड़ सकता है। इसके अलावा दृश्यता कम होने और खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने खासतौर पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।



