Dehradun News : देहरादून में भरे बाजार युवती की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है।
देहरादून में भरे बाजार युवती के मर्डर मामले में कार्रवाई
सोमवार को राजधानी देहरादून की मच्छी बाजार में दिनदहाड़े हुई युवती की मर्डर के मामले ने हर किसी को हिलाकर रख दिया है। इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। जिसके बाद अब एसएसपी अजय सिंह ने मामले में बड़ा एक्शन लिया है और लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी प्रद्युमन नेगी, चौकी प्रभारी खुड़बुड़ा को तत्काल सस्पेंड कर दिया है
चौकी प्रभारी की लापरवाही आई थी सामने
भरे बाजार दिनदहाड़े हुई युवती की हत्या मामले की प्राथमिक जांच एसएसपी ने सीओ सिटी को सौंपी है। सीओ सिटी द्वारा दी गई रिपोर्ट में चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई थी। जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।
बता दें कि घटना के तीन दिन पहले ही मृतका ने अपनी जान को खतरा बताते हुए 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ चौकी खुड़बुड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई और सोमवार को आरोपी ने मृतका की जान ले ली।

एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने ली गुंजन की जान
आपको बता दें कि मृतका गुंजन और आकाश दोनों एक-दूसरे को तीन सालों से जानते थे। दोनों ही देहरादून की दूल्हा बाजार में कपड़ों की दो दुकानों में काम करते थे। मृतका के परिजनों का कहना है कि जब उन्हें दोनों की दोस्ती के बारे में पता चला तो उन्होंने उसे डांटा और उसका फोन ले लिया। इसके बाद गुंजन ने उसे बातचीत बंद कर दी थी। लेकिन इसके बाद भी शादीशुदा होने के बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था।
कभी वो काम पर जाते हुए उसका पीछा करता तो कभी अलग-अलग नंबरों से फोन कर रहा था। यहां तक कि उसने गुंजन को जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद गुंजन ने इसकी शिकायत 31 जनवरी को खुड़बुड़ा थाने में की। इसके महज तीन दिन बाद ही आरोपी ने गुंजन की हत्या कर दी।



