देहरादूनपिथौरागढ़

मुख्यमंत्री धामी ने वर्चुअल माध्यम से हिलजात्रा महोत्सव को किया संबोधित

Chief Minister Dhami addressed the Hilljatra Festival virtually.

देहरादून/पिथौरागढ़, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से पिथौरागढ़ में आयोजित ऐतिहासिक हिलजात्रा महोत्सव को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पिथौरागढ़ की जनता को हिलजात्रा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे उत्तराखंड की आस्था, विश्वास और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्ष से अधिक पुराना हिलजात्रा पर्व सोरघाटी की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ पहाड़ी जीवन, कृषि-पशुपालन और ग्रामीण परंपराओं को भी दर्शाता है। हिलजात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम जाखनी स्थित बाबा गंगनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसखंड के पौराणिक मंदिरों के पुनरुत्थान, संरक्षण और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन, एडवेंचर टूरिज्म और फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से हिलजात्रा जैसे पारंपरिक पर्वों को आगे बढ़ाने और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिलाधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button