Uttarakhand News : उत्तराखंड बोर्ड की आज से परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुल 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी हो रही है और धारा 144 लागू है।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 आज से शुरू
उत्तराखंड बोर्ड की दसवीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। जिसके चलते शिक्षा विभाग और बोर्ड प्रशासन द्वारा परीक्षा को नकल विहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ताकि परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो सके।
10वीं में 1,12,266 और 12वीं में 1,02,986 परीक्षार्थी रजिस्टर
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं,परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। इससे पहले 16 जनवरी से 15 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा चुकी हैं।
लिखित उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन और सुरक्षित भंडारण के लिए प्रदेशभर में कुल 39 संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें कुमाऊं मंडल में 13 और गढ़वाल मंडल में 26 केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड स्तर पर तीन सचल दलों का गठन किया गया है, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू
बता दें कि नकल रोकने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 भी लागू कर दी गई है,जिससे किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। प्रशासन और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं ताकि छात्रों को शांत और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

