देहरादून

माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का संयुक्त दल, सीएम धामी ने किया फ्लैग-इन

Joint team of Indian Coast Guard returns after scaling Mount Mukut East; CM Dhami performs flag-in ceremony.

7,045 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया 2,500 वर्ग फुट का उत्तराखंड ध्वज, 2027 में प्रस्तावित एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में मिलेगी मदद

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया। एचएमआई के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में अभियान दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर सफल आरोहण का यह पहला अवसर है।

मुख्यमंत्री धामी ने अभियान की सफलता पर दल के सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमालय की दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस उपलब्धि को हासिल करना पर्वतारोहियों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और टीम भावना का प्रमाण है। यह उपलब्धि भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उत्तराखंड के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी रही है। राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को इस अभियान के लिए समर्पित करना विशेष महत्व रखता है। माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि राज्य की गौरवशाली यात्रा और हिमालय के साथ उसके गहरे जुड़ाव को भी दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस तरह के अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

2027 के एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में अहम साबित होगा अनुभव

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बल के जवानों की ओर से हिमालय की ऊंचाइयों पर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना उनकी साहसिक क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को प्रदर्शित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

15 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चला अभियान

एचएमआई, दार्जिलिंग के प्राचार्य और अभियान दल के नेतृत्वकर्ता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत इस पर्वतारोहण अभियान का आयोजन किया गया। पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग को सौंपी गई है।

उन्होंने बताया कि 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक संचालित अभियान के दौरान संयुक्त दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के तहत शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल ध्वज फहराया गया।

कर्नल जोशी के अनुसार, एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल इससे पहले सिक्किम हिमालय की माउंट बी.सी. रॉय और माउंट थिंचेनखांग चोटियों का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का महत्वपूर्ण अनुभव मिला है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल, उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल, कमांडेंट विश्वजीत सिंह, एचएमआई के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button