
Dehradun News : अंकिता हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में माहौल गरमाया हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे पर पहाड़ से लेकर मैदान तक लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच भाजपा ने कांग्रेस पर मुद्दे का राजीनितकरण करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका।
दून में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक पर किया प्रदर्शन
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अंकिता भंडारी मामले में की जा रही राजनीति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का पुतला जलाया गया।

अंकिता मामले में कांग्रेस फैला रही है भ्रम
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि Ankita Bhandari प्रकरण में राज्य सरकार ने प्रारंभ से ही गंभीरता दिखाते हुए SIT का गठन किया है। इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच निरंतर जारी है। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी तथ्यों को नजरअंदाज कर केवल राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से जनता के बीच भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है, जो अत्यंत निंदनीय है।

अंकिता भंडारी मामला राजनीति का नहीं है विषय
सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि Ankita Bhandari मामला राजनीति का नहीं, बल्कि न्याय का है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार और जांच एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही हैं। कांग्रेस को चाहिए कि वह इस संवेदनशील विषय पर गैर-जिम्मेदाराना बयानबाज़ी बंद करे और जांच प्रक्रिया में सहयोग करे।



