देहरादून: उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र से जुड़े भूमि हस्तांतरण मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि जमीन बिक्री के दौरान कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई। मामले को गंभीर मानते हुए अब पुलिस जांच के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
देहरादून निवासी महिला की शिकायत के बाद खुला मामला
देहरादून के बसंत विहार निवासी शशि नेस्ले प्रीटोरियस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ओजरी स्थित दयाबैंड के पास उनकी जमीन को बिना अनुमति और बिना किसी जानकारी के बेच दिया गया। इस शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कराई थी।
एसडीएम बड़कोट ने मांगे जमीन बिक्री से जुड़े दस्तावेज
मामले में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बड़कोट को जिला शासकीय अधिवक्ता से कानूनी राय लेने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद एसडीएम बड़कोट ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड बड़कोट के अधिशासी अभियंता और तहसीलदार से भूमि हस्तांतरण, बिक्री पत्र और नामांतरण से जुड़े दस्तावेज तलब किए।
जांच रिपोर्ट में धोखाधड़ी की पुष्टि
4 अप्रैल 2026 को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि पूर्व विधायक और भाजपा नेता मालचंद व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा नेत्री जसोदा राणा ने अपने हिस्से से अधिक जमीन बेच दी। रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया कि जमीन बिक्री में धोखाधड़ी सामने आई है।

आईजी गढ़वाल को भेजी गई रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गढ़वाल परिक्षेत्र को भेज दी है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि मामले की निष्पक्ष पुलिस जांच कराई जाए। प्रशासन ने यह भी कहा है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच में प्रशासन करेगा सहयोग
एसडीएम बड़कोट को निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस जांच के दौरान मांगे जाने वाले सभी दस्तावेज और अभिलेख उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जांच निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से पूरी हो सके।











