देहरादून। पुरोला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक राजेश का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उनका निधन हृदय गति रुकने के कारण हुआ। उन्होंने देहरादून के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
राजेश, उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे स्वर्गीय बर्फीया लाल के पुत्र थे। उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन क्षेत्र में सक्रिय रहा। कुछ वर्ष पूर्व वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हुए थे।
राजेश के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुरोला विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

पुरोला विधानसभा से मौजूदा विधायक दुर्गेश्वर लाल ने राजेश के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राजेश ने जहां अपना पूरा जीवन पुरोला विधानसभा के लिए समर्पित किया। वहीं उनके पिता पूर्व कैबिनेट मंत्री बर्फीला लाल ने उत्तर प्रदेश सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री रहते हुए राज्य के लिए समर्पण भाव से काम किया। आज हम राजेश और उनके पिता द्वारा किए गए विकास के मार्ग पर चल रहे है।










