देहरादून: प्रदेश में डेंगू का डंक लगातार गहरा था जा रहा है। मैदान से लेकर पहाड़ तक डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। बीते रोज भी तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। प्रदेश में अभी तक 40 मरीजों में डेंगू फैलाने वाला मच्छर डंक मार चुका है।
देहरादून जनपद में अब तक पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर सीएस रावत के अनुसार ऋषिकेश के मीरानगर की 50 वर्षीय महिला एसपीएस ऋषिकेश में भर्ती है। उनकी डेंगू एलाइजा रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। मरीज की स्थिति सामान्य है और प्लेटलेट काउंट 1 लाख से ऊपर है। उधर दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। यह दोनों मरीज जनपद टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं। नोडल अधिकारी डॉक्टर अंकुर पांडे ने बताया कि चौरास निवासी 27 वर्षीय व्यक्ति को बुखार, बदन दर्द आदि की शिकायत पर 6 सितंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था। मरीज की एलाइजा रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। वहीं 4 सितंबर को अस्पताल में भर्ती 25 वर्षीय व्यक्ति की भी रिपोर्ट पॉजिटिव है। मैरिज जनपद टिहरी गढ़वाल का रहने वाला है। अभी तक दून अस्पताल में भर्ती 9 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें चार मरीज दून एक उप्र व बाकी प्रदेश के अन्य जिलों में हैं।










