उत्तरकाशी: प्रदेश में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। बारिश से नदी नाले उफान पर हैं, जिससे भू कटाव हो रहा है। यमुनोत्री हाईवे पर कृष्णाचट्टी में यमुना नदी के कटाव के कारण वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। हालांकि रविवार दोपहर तक छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी गई है। लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों को करीब दो किमी की अतिरिक्त पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है।
दोपहर बाद शुरू हुई छोटे वाहनों की आवाजाही
यमुनोत्री हाईवे पर कृष्णाचट्टी के समीप यमुना नदी के तेज बहाव के कारण सड़क के करीब 40 मीटर सड़क हिस्से पर कटाव हो रहा है। इस कारण रविवार सुबह से ही हाईवे पर बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। इसके चलते क्षेत्र के तीन गांवों सहित यमुनोत्री धाम पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद एनएच की मशीनरी ने यहां पर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही अभी भी बंद है। ऐसे में यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों को दो किमी अतिरिक्त पैदल चलना पड़ रहा है। इस वजह से डंडी-कंडी से जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त भाड़ा देना पड़ रहा है।
बारिश के बाद मलबा आने से 146 मार्ग बंद
बारिश के बाद जगह-जगह मलबा आने से 146 मार्ग बंद हो गए। राज्य आपदा परिचालन केंद्र के मुताबिक बंद मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग में 15, उत्तरकाशी में 4, नैनीताल में 2, बागेश्वर में 11, देहरादून में 18, अल्मोड़ा में 4, पिथौरागढ़ में 22, चंपावत में 2, ऊधमसिंह नगर में 2, पौड़ी में 12, चमोली में 37 और टिहरी जिले में 17 मार्ग बंद हैं। देहरादून के दूधली-मोथरोवाला मार्ग में भी जगह-जगह मलबा आया हुआ है।