देहरादून। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के देहरादून चैप्टर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं नव संवत्सर के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन रायपुर स्थित महोत्सव द बैंक्वेट में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, पेशेवर विकास और सुरक्षित कार्यस्थल के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल ने अपने संबोधन में महिलाओं की गरिमा, अधिकारों और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. दिव्या नेगी ने परिवारों और कार्यस्थलों पर बेटियों को निरंतर प्रोत्साहन देने का आह्वान किया। विशेष अतिथि पार्वती जोशी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। इसके अलावा धर्मेंद्र सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अर्चना बंसल ने POSH (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम) विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संबंधित कानूनों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और संस्थागत जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर 65 कंपनी सेक्रेटरी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संगीता बग्गा ने किया, जबकि देहरादून चैप्टर की अध्यक्षा डॉ. रुचित्रा कपरवाण ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में चैप्टर के उपाध्यक्ष अर्चित टंडन, सचिव देवना जुयाल सहित अन्य पदाधिकारी, एच.पी. व्यास, विजयलक्ष्मी सती, नेहा रस्तोगी एवं अंकित रावल की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रामकिशन चमोली एवं साकेत चमोली का विशेष सहयोग रहा।











