देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने यमकेशवर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रेनू बिष्ट से उनके द्वारा की गई सोशल मीडिया पोस्ट के लिए स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है।

आपको बता दें कि यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की मौजूदा विधायक रेनू बिष्ट ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी जिसमें साफ साफ लिखा था कि यमकेश्वर की जनता के साथ बीते 20 से 22 सालों में छल हुआ है। भाजपा विधायक रेनू बिष्ट की ये सोशल मीडिया पोस्ट जमकर वायरल हुई जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा और भाजपा सकते में आ गई।

यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र से ऋतु खंडूरी भी 2017–2022 के दरमियान विधायक रही हैं। इससे पहले भी ये सीट भाजपा के खाते में चढ़ती रही है ऐसे में सवाल ये उठता है कि भाजपा विधायक रेनू बिष्ट को अपनी ही पार्टी पर सवाल खड़ा करने की आख़िर क्या ज़रूरत आन पड़ी? रेनू बिष्ट की इस सोशल मीडिया पोस्ट को पॉलिटिकल स्टंट के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि इन सब आरोपों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्वीकारा है कि सार्वजनिक रूप से इस तरह की बातें साझा करना उचित नहीं है साथ ही भट्ट ने ये भी दावा किया है कि इस विधानसभा क्षेत्र में आज तक जितना भी विकास हुआ है, भाजपा के माध्यम से ही हुआ है।