देहरादून: समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग जनों के सर्वांगीण विकास के लिए एक महत्त्वपूर्ण पहल की है। विभाग द्वारा 15 सितंबर से 23 सितंबर तक चिन्हीकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में निवासरत दिव्यांग जनों का सटीक और समग्र डाटा जुटाना है।
समाज कल्याण विभाग के अपर सचिव प्रकाश चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में लगभग 86 लाख दिव्यांग पेंशनर हैं, जबकि केवल 1 लाख 2 हजार के पास ही UDID (Unique Disability ID) कार्ड हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है, जिससे योजनाओं का लाभ हर पात्र दिव्यांग तक पहुंच सके।
प्रकाश चंद्र ने बताया कि शिक्षा विभाग के डीजी और स्वास्थ्य महानिदेशक को भी पत्र भेजकर सहयोग मांगा गया है, ताकि विभिन्न विभागों के पास उपलब्ध डाटा को एकत्र कर एकीकृत किया जा सके।
इस अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ घर-घर जाकर दिव्यांग जनों का चिन्हीकरण कर रही हैं। इसकी मॉनिटरिंग सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना अधिकारी) द्वारा की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि सितंबर माह के अंत तक समस्त डाटा संकलित कर लिया जाए, ताकि उसके आधार पर दिव्यांगों के लिए प्रभावी और लाभकारी योजनाएं तैयार की जा सकें।
उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल दिव्यांगों की वास्तविक स्थिति को जानने का जरिया बनेगा, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मददगार साबित होगा।










