देहरादून। DM सविन बंसल के प्रयासों और प्रभावी निगरानी का परिणाम है कि जिला चिकित्सालय में बीमार पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर तेजी से बेहतर हुआ है। मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए पिछले वर्ष 12 नवम्बर 2024 को 6 बेड से शुरू हुआ स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) अब दोगुनी क्षमता के साथ संचालित हो रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस इस यूनिट में दो मदर वार्ड, स्टाफ रूम और पूरी CCTV निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है, जिससे सुरक्षा और मॉनिटरिंग के साथ अधिक प्रभावी हुई है। निरंतर फॉलोअप और 24×7 स्वास्थ्य सेवाओं के चलते बड़ी संख्या में नवजातों को समय पर उपचार मिल रहा है। SNCU के प्रारम्भ से अब तक 51 नवजातों को उपचार का लाभ मिला, जबकि 1 जनवरी 2025 से अब तक 440 नवजातों का सफल उपचार किया गया है।

नवजातों को सुरक्षित रूप से अस्पताल लाने व ले जाने के लिए DM बंसल द्वारा एक समर्पित वाहन की व्यवस्था भी की गई है। इस सप्ताह दो नवजातों को ईको परीक्षण के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जिससे गंभीर शिशुओं को समय पर उच्च स्तरीय देखभाल सुनिश्चित हो सके।
आधुनिक ब्लड बैंक तैयारियों के अंतिम चरण में
जिला चिकित्सालय में आधुनिक ब्लड बैंक का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थितियों में बेहतर रक्त सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
राज्य का पहला आधुनिक टीकाकरण कक्ष, अब 12 घंटे खुलेगा
गांधी शताब्दी अस्पताल में स्थापित प्रदेश का पहला आधुनिक एवं चाइल्ड-फ्रेंडली टीकाकरण कक्ष अब प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित हो रहा है। इस सुविधा से कामकाजी अभिभावकों को अत्यधिक राहत मिली है। बच्चों के अनुकूल वातावरण और कम प्रतीक्षा समय के कारण टीकाकरण प्रक्रिया और सुगम हो गई है। इसका सीधा लाभ जिले की टीकाकरण सेवाओं की गुणवत्ता में बेहतर सुधार के रूप में देखा जा रहा है।










