हल्द्वानी: उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व अध्यक्ष रहे पूर्णचंद शर्मा का आज निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे उन्होंने अपने हल्द्वानी स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। पूरनचंद शर्मा राज्य गठन से पहले उत्तर प्रदेश में पर्वतीय विकास मंत्री रह चुके थे। वहीं उत्तराखंड में खंडूरी सरकार में भी मंडी परिषद के अध्यक्ष रहे थे। नवगठित उत्तराखंड के पहले बीजेपी अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनके निधन पर शोक संदेश व्यक्त किया है । कहा कि यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने शोक संदेश में कहा है कि शर्मा जमीनी नेता रहे हैं और उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से राज्य में भाजपा एक मजबूत आधार स्थापित करने में सफल रही। कहा कि अभिवाजित उत्तर प्रदेश में भी उन्होंने पर्वतीय विकास मंत्रालय का जिम्मा संभाला और उस दौरान में अनेक उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। कहा कि दिवंगत शर्मा प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा के बिंदु रहेंगे।










