सांकरी उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का जीवंत संग्रहालय: CM धामी
उत्तराकाशी/सांकरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पर्यटन नगरी सांकरी में आयोजित केदारकांठा पर्यटन शीतकालीन महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने विंटर फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ करते हुए पर्यटक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सांकरी केवल एक गांव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का जीवंत संग्रहालय है। यहां की पारंपरिक लकड़ी की वास्तुकला, लोकगीत, लोकनृत्य और सरल पहाड़ी जीवनशैली प्रदेश की विशिष्ट पहचान को दर्शाती है।

शीतकालीन पर्यटन से रुकेगा पलायन, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीतकालीन यात्रा के आह्वान के बाद केदारकांठा, हर्षिल, औली, मुनस्यारी और सांकरी जैसे क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे सीमांत गांवों में पलायन रुक रहा है और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग गाइड, होम-स्टे, होटल, लोक कलाकार, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

विकास कार्यों को मिली गति, बुनियादी सुविधाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। उत्तरकाशी में पार्किंग निर्माण, सड़क परियोजनाएं, पुरोला उप जिला चिकित्सालय और तिलोथ विद्युत गृह जैसी योजनाएं सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण हैं।
सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा टनल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार के संकल्प और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को भी सशक्त बना रही है।

समान नागरिक संहिता से लेकर सख्त भू-कानून तक, उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के चलते उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने जनता से शीतकालीन पर्यटन को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

विधायक दुर्गेश्वर ने सौंपा मांग पत्र
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों का मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मांगों की विस्तृत सूची का परीक्षण कर यथा संभव घोषणाओं में शामिल किया जाएगा। तटाउ महाविद्यालय सड़क मार्ग को भी घोषणा में सम्मिलित करने का आश्वासन दिया गया।

सांकरी बनेगा वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान: विधायक
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि हरकीदून, केदारकांठा, भराड़सर, देवक्यारा, चांईशील और सरूताल जैसे विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का केंद्र बिंदु सांकरी है। विंटर फेस्टिवल के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को यहां की समृद्ध संस्कृति, खान-पान और पारंपरिक मेहमाननवाजी से परिचित कराया जा रहा है, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी।










