कालसी: देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत कालसी में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार कुआनु-मीनाक रोड पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी है। हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक यात्रियों के सवार होने की सूचना मिल रही है।
दुर्घटनाग्रस्त बस हिमाचल रोडवेज की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF की टीमें रवाना कर दी गई हैं।

डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए भेजी गई हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
फिलहाल घायलों और हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।










