देहरादून: अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (ABPSS) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुसार वरिष्ठ सामाजिक चिंतक एवं मीडिया विश्लेषक अनुपम खत्री को उत्तराखंड का राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह निर्णय 10 फरवरी 2026 को आयोजित वार्षिक आम बैठक (AGM) में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर लिया गया।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने जारी किया नियुक्ति पत्र
राष्ट्रीय अध्यक्ष जिग्नेश कालावड़िया एवं राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल महफूज़ खान द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से इस नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई। संगठन ने अपने आधिकारिक वक्तव्य में बताया कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील एवं रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में प्रभावी नेतृत्व की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
उत्तराखंड में पत्रकार सुरक्षा को मिलेगा सशक्त नेतृत्व
समिति के अनुसार राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्र अभिव्यक्ति तथा संस्थागत सुदृढ़ीकरण के लिए अनुभवी और सक्रिय नेतृत्व आवश्यक था। अनुपम खत्री के सामाजिक सरोकार, जनसंवाद क्षमता एवं मीडिया परिदृश्य की गहन समझ को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है। यह नियुक्ति मानद एवं स्वैच्छिक प्रकृति की है तथा संगठन के नियमों, अनुशासन और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन के अधीन होगी।
पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ: अनुपम खत्री
नव नियुक्त राज्य अध्यक्ष अनुपम खत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा व गरिमा सुनिश्चित करना संगठन का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पत्रकारों के अधिकार संरक्षण, आपसी समन्वय और एक सशक्त संगठनात्मक ढांचे के निर्माण के लिए वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व, सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
आगामी कार्ययोजना पर फोकस
संगठन की आगामी कार्ययोजना के तहत राज्य स्तरीय संगठनात्मक बैठक का आयोजन, जिला व मंडल इकाइयों का पुनर्गठन एवं विस्तार, पत्रकार सुरक्षा व अधिकार संबंधी जनसंवाद कार्यक्रम, विधिक सहायता व आपात समर्थन तंत्र की रूपरेखा तैयार करना को प्राथमिकता दी जाएगी।
पत्रकारों की सुरक्षा के लिए संगठन सक्रिय
अनुपम ने बताया कि अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्यरत एक पंजीकृत संगठन है, जो विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक विस्तार और संरचनात्मक मजबूती की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।










