देहरादून। लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर संघर्ष कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए सरकार जल्द ही खुशखबरी दे सकती है। महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने संकेत दिए हैं कि राज्य सरकार मानदेय वृद्धि पर गंभीरता से कार्य कर रही है और किसी भी समय उन्हें यह खुशखबरी मिल सकती है।
मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि धामी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए पहले भी प्रति माह 1500 रुपये की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, और सरकार उनकी मांगों के अनुरूप मानदेय में और वृद्धि पर भी विचार कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, जल्द ही राज्य सरकार इस संबंध में बड़ा निर्णय लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को राहत दे सकती है। मंत्री ने कहा कि सरकार उनकी हर मांग को संवेदनशीलता से सुन रही है और मानदेय संबंधी मामले में किसी भी समय सौगात दे सकती है।










