ऋषिकेश: Election commission of India ने आज पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जिसके मुताबिक मिजोरम में 7 नवंबर, मध्य प्रदेश में 17, राजस्थान में 23, तेलंगाना में 30 और छत्तीसगढ़ में 7 व 17 नवंबर को मतदान किया जाएगा। चार राज्यों को छोड़कर छत्तीसगढ़ में दो चरण में चुनाव होगा। जिसके नतीजे एक साथ 3 दिसंबर को आएंगे। इस चुनाव में कौन सिकंदर बनेगा कौन नहीं यह तो 3 दिसंबर को ही तस्वीर साफ होगी। लेकिन राजनेता अभी से गुणा-भाग करने में जुट गए हैं।

ऋषिकेश पहुंचे सीएम शिवराज चौहान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही ऋषिकेश पहुंचे। जहां वे रात्रि विश्राम परमार्थ निकेतन आश्रम में करेंगे। इस दौरान चिदानंद सरस्वती से भी मुलाकात करेंगे। जौली ग्रांट एयरपोर्ट पर शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करने राज्य के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। यह बात मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कही।
अचानक बना ऋषिकेश का कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ऋषिकेश का कार्यक्रम आज अचानक ही बना है। शिवराज सिंह चौहान परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद मुनि से मुलाकात के साथ-साथ एक विशेष पूजा अनुष्ठान में भी भाग ले सकते हैं। हालांकि इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। शिवराज सिंह ऋषिकेश में विशेष पूजा पर अर्चना करेंगे या फिर हर की पौड़ी पर। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ऋषिकेश में कितने दिन तक रुकेंगे।
चुनाव की घोषणा होते ही शिवराज आते हैं देवभूमि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब भी चुनाव की घोषणा होती है, तो वह देव भूमि में जरूर आते हैं। और यहां वे संत समाज का आशीर्वाद लेते हैं। 5 साल पहले भी मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान शिवराज सिंह चौहान हरिद्वार आए और यहां हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना की थी।










