एम्स ऋषिकेश में तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
देहरादून। पुलिस अभिरक्षा में पेशी के लिए ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी की गोली लगने से मौत हो गई। 24 दिसंबर की रात गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराए गए विनय त्यागी को शनिवार सुबह करीब 7 बजे मृत घोषित कर दिया गया। वह एम्स के ट्रॉमा आईसीयू में वेंटिलेटर पर जीवन और मौत के बीच जूझ रहा था।
एम्स प्रशासन के अनुसार, तमाम प्रयासों के बावजूद विनय त्यागी को बचाया नहीं जा सका। मृत्यु की पुष्टि एम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. डां श्रीलाय मोहंती ने की है। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस एम्स पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। पोस्टमार्टम भी एम्स में ही कराया जाएगा।
गौरतलब है कि विनय त्यागी को पेशी के लिए ले जाते समय रुड़की के लक्सर क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं।
कुख्यात अपराधी की मौत के बाद अब पुलिस की जांच हमले के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान और वारदात को अंजाम देने के कारणों को तलाशने में जुट गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










