देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में ठंड के बीच सियासी पारा अचानक तेज़ी से चढ़ गया है। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। इस बार मामला VIP के कथित नाम के खुलासे को लेकर गरमा गया है, जिसने न सिर्फ राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है, बल्कि SIT की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, भाजपा के पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने एक लाइव वीडियो के जरिए सनसनीखेज दावा किया है। उर्मिला का आरोप है कि जिस VIP के लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था, वह भाजपा का बड़ा नेता है। सनावर ने जारी वीडियो में बीजेपी के नेता का नाम भी लिया है। उन्होंने अपने वीडियो में न केवल VIP के नाम का दावा किया, बल्कि उस महिला की पहचान भी उजागर की, जिस पर रिजॉर्ट ध्वस्तीकरण का आरोप लगाया। सुनिए उर्मिला सनावर क्या कह रही हैं वायरल वीडियो में…
हालांकि, इन आरोपों के बाद अब तक संबंधित भाजपा नेता की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, जिन पर उर्मिला सनावर ने आरोप लगाए हैं, वे महिला आरती गौड़ सामने आई हैं। आरती गौड़ ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि रिजॉर्ट उन्होंने नहीं, बल्कि भाजपा की स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने ध्वस्त कराया था। गौरतलब है कि आरती गौड़ यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के उमरोली से जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं।
इस पूरे मामले को लेकर विपक्षी कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में प्रेस वार्ता कर मामले की CBI जांच की मांग की। वहीं, कांग्रेस महिला मोर्चा ने देहरादून में भाजपा नेता का पुतला दहन किया।

दूसरी ओर, भाजपा ने आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि किसी व्यक्ति की छवि वर्षों में बनती है, जबकि आरोप लगाना बेहद आसान होता है। भाजपा ने इसे पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला बताते हुए बिना ठोस सबूतों के आरोप लगाने को अनुचित ठहराया है।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में एसआईटी ने जांच करते हुए पुलकित आर्य समेत तीन लोगों को दोषी ठहराया था, अदालत ने तीनों दोषियों के खिलाफ आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
अब एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड ने राज्य की राजनीति को झकझोर कर रख दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मामले की फिर सीबीआई जांच होगी, यह विवाद नए आरोप-प्रत्यारोप के बीच किसी और मोड़ पर पहुंच जाएगा। फिलहाल, पूरे प्रदेश की निगाहें इस मामले पर टिकी हुई हैं।










